Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में महिला का फोन हैक कर बैंक खाते से 1.13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने इस मामले में राजस्थान से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को नागौर और जोधपुर से 3 सितंबर को काबू किया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-3 बल्लभगढ़ निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि 24 जुलाई को उसका फोन अचानक हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 1,13,000 रुपये निकाल लिए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने ईश्वर दास (24) निवासी नागौर, दिनेश (24) निवासी नागौर और दिनेश (19) निवासी जोधपुर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ईश्वर दास ने खाताधारक मनोज का बैंक खाता लिया था और उसे आगे दिनेश को दिया। इस खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए किया गया।
इस मामले में खाताधारक मनोज को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपी 12वीं पास हैं। आरोपियों को अदालत में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूछताछ के जरिए ठगी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

