August 2, 2026

शिक्षा के व्यवसायीकरण पर रोक के लिए अभिभावकों को एकजुट होने का आह्वान, 5 सितंबर को होगी ‘अभिभावक पंचायत’

हरियाणा अभिभावक एकता मंच की फरीदाबाद में आयोजित कार्यकारिणी बैठक।

Faridabad/Alive News: हरियाणा अभिभावक एकता मंच की कार्यकारिणी की बैठक रविवार को फरीदाबाद के सेक्टर-11 में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंच के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा ने की। इसमें मंच के पदाधिकारियों के साथ एपीजे, मानव रचना, एमवीएन, डीएवी, ग्रैंड कोलंबस, रयान सहित विभिन्न स्कूलों की पैरेंट्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंच के राष्ट्रीय सलाहकार और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के व्यवसायीकरण को रोकने के लिए अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों का जागरूक और एकजुट होना बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूलों को कमजोर कर निजी शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे शिक्षा का व्यवसायीकरण बढ़ रहा है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट ओपी शर्मा, प्रदेश संरक्षक सुभाष लांबा और प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के बाद छात्रों और अभिभावकों में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी है। इसी को देखते हुए हर जिले में मंच की जिला इकाइयों का पुनर्गठन किया जाएगा और स्कूल स्तर पर मजबूत पैरेंट्स एसोसिएशन बनाई जाएंगी।

बैठक के दौरान हरियाणा अभिभावक एकता मंच की फरीदाबाद जिला कार्यकारिणी का भी गठन किया गया। सर्वसम्मति से एडवोकेट बीपी जोशी को जिला अध्यक्ष और एडवोकेट बीएस विरदी को जिला महासचिव नियुक्त किया गया। उन्हें शेष जिला कार्यकारिणी के गठन की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 5 सितंबर को “अभिभावक पंचायत” का आयोजन किया जाएगा। इसमें अभिभावक, शिक्षक संगठन और विभिन्न पैरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारी शामिल होकर शिक्षा से जुड़े मुद्दों और आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।