August 22, 2026

फरीदाबाद में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

फरीदाबाद के पहलादपुर गांव में शॉर्ट सर्किट से जले घर का सामान

Faridabad/Alive News: बीपीटीपी थाना क्षेत्र के पहलादपुर गांव में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में आग लग गई। हादसे के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। घर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने मकान मालिक, पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में आग पूरे घर में फैल गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

मकान मालिक शौकीन अली ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे काम पर चले गए थे। उनकी पत्नी भी काम पर गई थीं, जबकि बच्चे स्कूल गए हुए थे। करीब 10 बजे उन्हें फोन पर घर में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही वह तुरंत बाइक से घर पहुंचे, जहां फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी।

शौकीन अली के अनुसार, घर के बिजली मीटर के आसपास शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लगने की आशंका है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा अधिकांश घरेलू सामान जल गया। फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, टीवी, कपड़े, बेड, अलमारी समेत कई सामान पूरी तरह खराब हो गए।

उन्होंने बताया कि आग की तेज गर्मी से घर की ऊपरी छत में भी दरारें आ गई हैं। मकान मालिक के मुताबिक, आग से करीब 4 से 5 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। फायर ब्रिगेड ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे कुछ सामान बचाया जा सका।

बीपीटीपी थाना प्रभारी प्रदीप मोर ने बताया कि सुबह करीब 9:45 बजे पहलादपुर गांव में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। टीम ने आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।