September 27, 2026

फरीदाबाद में नमो मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, 1.35 लाख से अधिक पंजीकरण; सीएम ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

सूरजकुंड फरीदाबाद में नमो मैराथन 2026 को हरी झंडी दिखाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी।

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में रविवार को ‘नशा-मुक्त हरियाणा फरीदाबाद नमो मैराथन-2026’ का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजकों के अनुसार, मैराथन के लिए 1.35 लाख से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। कार्यक्रम में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और खिलाड़ियों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की धरती से नशे के खिलाफ हरियाणा की बुलंद आवाज उठी है। मैराथन में आगे बढ़ रहे कदम केवल दौड़ नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेश की सामूहिक चेतना और संकल्प को आगे ले जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा, कौशल और राष्ट्र निर्माण में लगाने का आह्वान किया।

मैराथन में 21.1, 10 और 5 किलोमीटर की दौड़ आयोजित की गई। मुख्यमंत्री ने प्रतिभागियों पर पुष्प वर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया और उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सरकार, पुलिस, परिवार और समाज की साझा जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। नमो मैराथन इसी अभियान का हिस्सा है।

प्रतियोगिता के 21.1 किलोमीटर पुरुष वर्ग में प्रशांत चौधरी विजेता रहे, जबकि विक्रम सिंह और अनुज मीणा ने क्रमशः रनर-अप स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में सोनिका विजेता रहीं। 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में रोहित कुमार और महिला वर्ग में नीरू रानी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, मंत्री विपुल गोयल, राजेश नागर, गौरव गौतम, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अधलखा, सतीश फागना, मेयर प्रवीण जोशी, पुलिस आयुक्त सत्येंद्र गुप्ता, डीसी आयुष सिन्हा और क्रिकेटर शिखर धवन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।