March 8, 2026

फरीदाबाद नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, 63 लाख का प्रॉपर्टी टैक्स वसूला, 8 प्रॉपर्टी सील

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद नगर निगम ने बकाया प्रॉपर्टी टैक्स न भरने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। निगम ने एक ही दिन में 63 लाख रुपए से ज्यादा का टैक्स वसूल किया और 8 प्रॉपर्टी सील कर दीं।

अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बताया कि टैक्स विभाग की टीमें अलग-अलग जोनों में जाकर बकायेदारों को नोटिस देने और जरूरत पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई कर रही हैं। यह अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि लंबे समय से बकाया टैक्स वसूला जा सके और शहर के विकास के काम तेज हों।

आज की कार्रवाई में ओल्ड जोन-1, जोन-2, सेक्टर-7 मार्केट, वर्ल्ड स्ट्रीट और ओल्ड फरीदाबाद के बकायेदारों से टैक्स वसूला गया। यह कार्रवाई निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में और क्षेत्रीय कर अधिकारी सृष्टि बब्बर की टीम ने की।

निगम अधिकारियों ने सभी प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों से अपील की है कि वे समय पर अपना टैक्स जमा करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी। सलोनी शर्मा ने कहा कि नगर निगम को मिलने वाला टैक्स सीधे शहर के विकास में लगाया जाता है, इसलिए सभी नागरिक समय पर टैक्स भरकर इसमें योगदान दें।