October 10, 2026

फरीदाबाद में चोरी की मोटरसाइकिल के साथ आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा

फरीदाबाद में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी और AVTS-2 पुलिस की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में वाहन चोरी के मामले में अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हरी नगर, फरीदाबाद निवासी सतेंद्र ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत दी थी कि उसने 6 अक्टूबर को अपनी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की थी। कुछ समय बाद मोटरसाइकिल वहां से गायब मिली। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे चोरी कर लिया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने 8 अक्टूबर को सुरेंद्र निवासी भतौला, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है। उसने नशे की जरूरत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की थी और उसे बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।