Faridabad/Alive News: पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में फरीदाबाद पुलिस लगातार साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। 20 से 26 जून 2026 के बीच जिले के तीनों साइबर थानों की टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 41 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया और 19,56,500 की राशि बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस दौरान कुल 11 साइबर ठगी के मामलों में कार्रवाई की गई। इनमें साइबर थाना एनआईटी के 6, साइबर थाना सेंट्रल के 3 और साइबर थाना बल्लभगढ़ के 2 मामले शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ठगी की 19.56 लाख की रकम बरामद की।
इसके अलावा, पुलिस ने एक सप्ताह के दौरान प्राप्त 391 साइबर शिकायतों का निस्तारण करते हुए 6,82,758 की राशि विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराई, जिससे पीड़ितों की रकम सुरक्षित रखने में मदद मिली।
पुलिस ने इस अभियान के दौरान विश्वास उर्फ जय, सुजीत कुमार मंडल, अमित कुमार, सुयश मिश्रा, रविंद्र शर्मा, मनीष सैनी, शुभम, सुभाष, अरबाज खान, आशुतोष, अमित कश्यप, संजय, नीलू सिंह गुर्जर, अरुण, अवतार, अमन, प्रिंस, तेजस, राहुल अवस्थी, संदीप, नदीम, राम हर्ष, हर्षित मिश्रा, बिजेंद्र सिंह, गोपाल दान, नागपाल सिंह, गगन, अनिल, गुरजंट सिंह, अमित सिंह, सुरेंद्र सिंह, जावेद अली, बलजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, मनदीप सिंह, पूजा शर्मा, कमल किशोर, जतिन बाबू, राहुल गुप्ता सहित दो अपचारी बालकों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में सबसे अधिक साइबर ठगी के मामले शेयर बाजार में निवेश, टेलीग्राम पर टास्क पूरा कर पैसे कमाने, और घर बैठे अधिक कमाई का लालच देकर किए जा रहे हैं। लोग अधिक मुनाफे के लालच में अपनी जमा पूंजी निवेश कर देते हैं और साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें। यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

