Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा सेक्टर-56 ने राजीव कॉलोनी में युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में मुख्य आरोपी विजय (28) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 30 जून की रात अपनी पत्नी के साथ रह रहे विपिन यादव (26) के सिर में गोली मार दी थी। घायल विपिन की 2 जुलाई को दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी की पत्नी पिछले कुछ समय से विपिन यादव के साथ रह रही थी। इसी रंजिश में आरोपी ने दोनों की हत्या की योजना बनाई, लेकिन गोली चलने की आवाज सुनकर लोग जाग गए, जिससे वह महिला पर हमला नहीं कर सका और मौके से फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को जेसीबी चौक के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह भी पता चला कि उसने वारदात के लिए 6 हजार में देसी कट्टा खरीदा था। पुलिस हथियार और उसे उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी है।

