August 26, 2026

फरीदाबाद में अवैध शराब तस्करी का आरोपी गिरफ्तार, 34 बोतल और 24 अध्धे बरामद

फरीदाबाद में अवैध शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम ने रेलवे रोड के पास से आरोपी को पकड़ा। उसके कब्जे से 34 बोतल और 24 अध्धे अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं। आरोपी की पहचान हरिकेश निवासी सेक्टर-2, जिला सूरत, गुजरात के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को पुलिस चौकी बस स्टैंड बल्लभगढ़ की टीम रेलवे रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ट्रॉली बैग में अवैध शराब लेकर रेलवे स्टेशन रोड पर खड़ा है और ट्रेन से सूरत जाने की तैयारी में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के ट्रॉली बैग से 11 बोतल BOHO, 6 बोतल MAGIC MOMENT, 2 बोतल BLENDER PRIDE, 15 बोतल MAGIC MOMENT और 24 अध्धे ROYAL STAG बरामद किए। इस संबंध में थाना सिटी बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी एक दिन पहले फरीदाबाद आया था और उसने अलग-अलग शराब ठेकों से शराब खरीदी थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पहले भी फरीदाबाद से शराब खरीदकर गुजरात ले जा चुका है। इस बार वह शराब को वडोदरा, गुजरात ले जाने की तैयारी में था।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।