August 26, 2026

अग्रवाल पब्लिक स्कूल में रामचरितमानस चौपाई और गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता

अग्रवाल पब्लिक स्कूल में रामचरितमानस चौपाई और गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता

Faridabad/Alive News: जनकल्याण संस्था की ओर से अग्रवाल पब्लिक स्कूल, सेक्टर-3 में श्रीरामचरितमानस चौपाई एवं श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम फाउंडर प्रेसिडेंट एस.सी. गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के कुल 36 विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

प्रतियोगिता में श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में 30 और श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में 6 विद्यार्थियों ने प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने बालकांड, अयोध्याकांड और सुंदरकांड सहित विभिन्न कांडों की चौपाइयों का गायन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, गीता श्लोक उच्चारण में भी विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी।

श्रीरामचरितमानस चौपाई गायन में नव्या, कनिष्का, माही, मुस्कान और आदृति को अलग-अलग ग्रुप में प्रथम स्थान मिला। वहीं, श्रीमद्भगवद्गीता श्लोक उच्चारण में आराध्या ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अब जोनल प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। जोनल स्तर के विजेता जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि एस.सी. गुप्ता पिछले 34 वर्षों से फरीदाबाद और पलवल के विद्यालयों में इस प्रतियोगिता का आयोजन करवा रहे हैं। इस वर्ष प्रतियोगिता की शुरुआत स्कॉलर्स प्राइड स्कूल से हुई और इसके बाद विभिन्न विद्यालयों में आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रविंद्र कुमार मनचंदा, लक्ष्मण शर्मा और जे.पी. शर्मा सहित विद्यालय की प्रिंसिपल रचना भल्ला और कॉर्डिनेटर सीमा श्रीवास्तव मौजूद रहीं। संस्था ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों का सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और सनातन ग्रंथों से जुड़ने तथा उनके विचारों को समझने का अवसर मिल रहा है।