November 25, 2026

अवैध देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, हथियार उपलब्ध कराने वाला दोस्त भी दबोचा

फरीदाबाद में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 द्वारा अवैध देसी कट्टा बरामद करने और दो आरोपितों की गिरफ्तारी की कार्रवाई।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई, पांच हजार रुपये में खरीदा था देसी कट्टा; पल्ला क्षेत्र में घर में चोरी करने का भी खुलासा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पहले एक युवक को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह हथियार अपने दोस्त से पांच हजार रुपये में खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने हथियार उपलब्ध कराने वाले दूसरे आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 24 नवंबर को क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव सिकरी निवासी राकेश के पास अवैध हथियार है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे मास्टर रोड स्थित भूपानी मोड़ के पास से काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। इस संबंध में थाना सदर बल्लभगढ़ में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान राकेश ने पुलिस को बताया कि वह देसी कट्टा फरीदाबाद के गांव पल्ला निवासी अपने दोस्त नितिन से पांच हजार रुपये में खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस टीम ने हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में नितिन को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में राकेश ने पल्ला क्षेत्र में एक घर में चोरी करने की वारदात का भी खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।