Faridabad/Alive News: मानसून से पहले शहर को जलभराव की समस्या से बचाने के लिए नगर निगम फरीदाबाद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर सभी वार्डों में सीवर, नालियों, नालों और स्टॉर्म वाटर लाइनों की सफाई का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कमिश्नर ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर सफाई कार्यों का निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि बारिश शुरू होने से पहले सभी नालों, नालियों और सीवर लाइनों की सफाई पूरी हो जाए।
इसी के तहत ओल्ड जोन के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार और कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने वार्ड-39 के सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में स्टॉर्म वाटर लाइन की सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बाटा चौक के पास बनाए जा रहे नाले के निर्माण और सफाई कार्य का भी जायजा लिया।
कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार ने बताया कि हनुमान मंदिर और संत सूरदास पार्क के आसपास बरसात के दौरान जलभराव की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा सुपर सकर मशीनों की मदद से स्टॉर्म वाटर लाइन की व्यापक सफाई कराई जा रही है। सफाई कार्य की गुणवत्ता जांचने के लिए कैमरों से फोटो और रिकॉर्डिंग भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि लाइनों में जमा सिल्ट, कचरा और अन्य अवरोधों को तेजी से हटाया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी आसानी से निकल सके और लोगों को जलभराव की समस्या से राहत मिले।
वहीं, कार्यकारी अभियंता डालचंद शर्मा ने बल्लभगढ़-तिगांव रोड स्थित नाले की सफाई का निरीक्षण किया। नगर निगम का लक्ष्य है कि बरसात के दौरान शहर के किसी भी हिस्से में जलभराव न हो और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलें।
कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा ने जॉइंट कमिश्नरों, एडिशनल कमिश्नरों, कार्यकारी अभियंताओं और एसडीओ को अलग-अलग वार्डों की जिम्मेदारी सौंपी है। अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सफाई कार्य समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम द्वारा शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी स्टॉर्म वाटर ड्रेनों और सीवर लाइनों की सफाई लगातार कराई जा रही है, ताकि मानसून के दौरान लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

