March 8, 2026

फरीदाबाद डीसी की फोटो व्हाट्सएप पर लगाकर पैसे मांगने वाली महिला गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डीसी की फोटो लगाकर व्हाट्सएप पर 50 हजार रुपये मांगने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, तीन जुलाई को शिकायत मिली थी कि किसी व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर डीसी फरीदाबाद की फोटो लगाकर उनके नाम से 50 हजार रुपये मांगे। इस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने लमणुन्नेम लुफो नाम की महिला को दिल्ली के मुनिरका गांव से गिरफ्तार किया। वह मूल रूप से मणिपुर के सैकुल, कांगपोकपी की रहने वाली है।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला ने अपने साथी एंथोनी से जमतीन खुप हॉकिप नाम के व्यक्ति का बैंक खाता लिया और उसे ठगों को दे दिया, ताकि वे उसे ठगी में इस्तेमाल कर सकें। एंथोनी और जमतीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। तीनों आरोपी मणिपुर के रहने वाले हैं और फिलहाल दिल्ली में रह रहे थे।

पुलिस ने आरोपी महिला को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।