March 8, 2026

फरीदाबाद डीसी ने तहसील रजिस्ट्री ऑफिस का किया निरीक्षण, बोले अब नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर, शुरू हुई पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद डीसी विक्रम सिंह ने शनिवार को तहसील में स्थित रजिस्ट्री ऑफिस का दौरा किया और वहां चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि यह दौरा पेपरलेस रजिस्ट्री प्रक्रिया की समीक्षा के लिए किया गया है।

डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जिसने पेपरलेस रजिस्ट्री की शुरुआत की है। अब कोई भी व्यक्ति घर बैठे ऑनलाइन आवेदन करके रजिस्ट्री करा सकता है। इसके लिए पोर्टल पर सरल तरीके से आवेदन करना होगा और सभी जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे। आवेदन स्वीकृत होने के बाद रजिस्ट्री की तारीख मिल जाएगी, और निर्धारित दिन पर सिर्फ 15 से 20 मिनट में रजिस्ट्री पूरी की जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि शुरुआत में लोगों को इस नई प्रक्रिया को समझने में थोड़ी दिक्कत आ सकती है, लेकिन आगे चलकर इससे लोगों को बिचौलियों से मुक्ति और पूरी पारदर्शिता मिलेगी। सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि अब लोगों को बार-बार तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

डीसी ने बताया कि अभी तक चार लोगों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनमें से दो के दस्तावेज अधूरे थे, इसलिए उन्हें तारीख नहीं मिल पाई। बाकी दो आवेदनों की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे भी पोर्टल पर जाकर खुद आवेदन करें और इस सुविधा का लाभ उठाएं।