March 8, 2026

फरीदाबाद डीसी ने आधार व PPP केंद्र का किया औचक निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए सख्त निर्देश

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में परिवार पहचान पत्र (PPP) और आधार कार्ड केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं और कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की तथा अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

डीसी आयुष सिन्हा ने परिवार पहचान पत्र से जुड़े पंजीकरण, संशोधन और सत्यापन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पात्र नागरिक को बेवजह परेशान न किया जाए और सभी आवेदनों का निपटारा तय समय सीमा के भीतर किया जाए। डीसी ने कहा कि परिवार पहचान पत्र के माध्यम से लोगों को कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलता है, इसलिए इस काम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डीसी ने आधार कार्ड केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने आधार नामांकन, अपडेट और बायोमेट्रिक प्रक्रिया की जानकारी ली और केंद्र पर मौजूद लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

डीसी ने केंद्र पर साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था, पेयजल और दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को प्राथमिकता के आधार पर सेवाएं दी जाएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।