September 24, 2026

फरीदाबाद में साइबर ठगी के 2 मामलों में 2 आरोपी गिरफ्तार, 58 हजार और 97 हजार रुपये की ठगी

फरीदाबाद साइबर थाना NIT की कार्रवाई में साइबर ठगी के मामलों में गिरफ्तार आरोपी।

Faridabad/Alive News: साइबर ठगी के मामलों में फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में साइबर थाना NIT की टीम ने साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरे मामले में KYC के नाम पर ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को पकड़ा है।

पहले मामले में कुरैशीपुर, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 24 अगस्त 2026 को अचानक उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से 58 हजार रुपये निकल गए। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT की टीम ने जांच करते हुए विकास कुमार निवासी संजय कॉलोनी, मुरैना, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि विकास कुमार इस मामले में बैंक खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम में से 30 हजार रुपये आरोपी के खाते में आए थे। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

दूसरे मामले में जवाहर कॉलोनी, फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि उसने 15 सितंबर 2026 को अपने एयरटेल नंबर पर रिचार्ज कराया था। डाटा प्लान में परेशानी आने पर उसने 17 सितंबर को गूगल पर एयरटेल कस्टमर केयर नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिले एक नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को एयरटेल अधिकारी बताया और KYC कराने की बात कही।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग ने महिला के व्हाट्सऐप पर एक APK फाइल भेजी। महिला ने जैसे ही फाइल पर क्लिक किया, उसका मोबाइल काम करना बंद हो गया और स्क्रीन ब्लैक हो गई। बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि खाते से 97 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने अभिषेक निवासी मेरठ, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि अभिषेक ने मानव नामक व्यक्ति का बैंक खाता लेकर उसे आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस के अनुसार, इसी खाते में ठगी के 97 हजार रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।