August 1, 2026

ऑनलाइन टास्क के नाम पर 25.80 लाख की ठगी, राजस्थान से एक और आरोपी गिरफ्तार

ऑनलाइन टास्क साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ ने ऑनलाइन टास्क के नाम पर 25.80 लाख की साइबर ठगी के मामले में राजस्थान के भरतपुर निवासी दिपेंद्र (23) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को टेलीग्राम पर पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर पहले छोटा मुनाफा दिया गया। इसके बाद अधिक कमाई का लालच देकर 30 दिसंबर 2025 से 7 जनवरी 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कुल 25,80,728 ट्रांसफर करा लिए गए।

जांच में सामने आया कि ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते की UPI ID आरोपी ने अपने मोबाइल से बनाई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है। इस मामले में खाताधारक हरिश चंद्र को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले पार्ट-टाइम जॉब और निवेश के झांसे में न आएं। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं।