Faridabad/Alive News : हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘समाधान शिविर’ आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में आज वीरवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का सफल आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता सीटीएम (CTM) अंकित कुमार ने की।
परिवार पहचान पत्र (PPP) और राशन कार्ड से जुड़ी आईं सबसे ज्यादा शिकायतें
सीटीएम अंकित कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में नागरिकों की ओर से सबसे अधिक समस्याएं परिवार पहचान पत्र (PPP) आईडी में आय संबंधी त्रुटियों और नए सदस्य जोड़ने से जुड़ी सामने आई हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि इन सभी मुद्दों के त्वरित निपटान के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
इन समस्याओं के समाधान के लिए निसंकोच पहुंचें शिविर
सीटीएम अंकित कुमार ने बताया कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन हमेशा नागरिकों की सहायता के लिए तत्पर हैं और जनहित में यह पहल निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि किसी नागरिक को निम्नलिखित सेवाओं से जुड़ी कोई भी समस्या है, तो वह निसंकोच शिविर में आ सकता है:
- परिवार पहचान पत्र (PPP) और प्रॉपर्टी आईडी
- राशन कार्ड और समाज कल्याण पेंशन
- स्वास्थ्य, शिक्षा और बिजली-पानी की समस्या
- भूमि पंजीकरण और स्थानीय निकायों से नो-ड्यूज प्रमाण पत्र
- नगरपालिका द्वारा नक्शा पास करवाना
- सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य या आपराधिक शिकायतें
नोट कर लें समय: हर सोमवार और वीरवार को लगता है शिविर
सीटीएम अंकित कुमार ने बताया, “जिला प्रशासन हर सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लघु सचिवालय में जनता की समस्याएं सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। शिकायत समाधान शिविरों में नागरिकों की भारी भागीदारी सरकार और प्रशासन पर उनके भरोसे को दर्शाती है।”
इस समाधान शिविर के दौरान जिला प्रशासन और सभी संबंधित विभागों के उच्च अधिकारीगण मुख्य रूप से मौजूद रहे।

