Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाओं द्वारा जिले में अपराधियों और अवैध हथियार तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध देशी कट्टे और कारतूस के साथ एक आरोपी को दबोचा, जिसकी निशानदेही पर उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों से सेक्टर-8 स्थित एक मकान से सोने के आभूषण चोरी करने की बड़ी वारदात का भी खुलासा हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने बीते 26 मई को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अनीश को गिरफ्तार किया। आरोपी अनीश मूल रूप से गाँव झगवली (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, जो वर्तमान में फरीदाबाद के सेक्टर-3 में रह रहा था।
गिरफ्तारी के समय पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया। इस संबंध में थाना सेक्टर-8 में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। जब पुलिस टीम ने आरोपी अनीश से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने खुलासा किया कि वह यह देशी कट्टा सचिन नाम के युवक से लेकर आया था। इस जानकारी पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा की टीम ने 27 मई की सुबह आरोपी सचिन (निवासी सेक्टर-3, फरीदाबाद) को भी धरदबोचा।
पुलिस प्रवक्ता ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जब दोनों आरोपियों को आमने-सामने बिठाकर गहनता से पूछताछ की गई, तो उन्होंने एक और बड़ी वारदात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि गत 22 अप्रैल को उन्होंने थाना सेक्टर-8 क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक मकान में जबरन घुसकर सोने के कीमती आभूषण चोरी किए थे। पुलिस इस चोरी के मामले में काफी समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पकड़े गए दोनों शातिर आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा माननीय स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेशानुसार उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हथियार के मामले में दोनों को जेल भेज दिया गया है, लेकिन सेक्टर-8 में हुई आभूषण चोरी के मामले में पुलिस जल्द ही दोनों आरोपियों को अदालत से प्रोडक्शन वारंट (रिमांड) पर लेगी। रिमांड के दौरान आरोपियों से चोरी किए गए सोने के आभूषणों की बरामदगी की जाएगी और अन्य वारदातों के बारे में भी सुराग लगाया जाएगा।

