October 22, 2026

कंपनी से कॉपर चोरी करने के आरोप में कर्मचारी गिरफ्तार, 45.720 किलो कॉपर बरामद

Faridabad/Alive News: सेक्टर-58 स्थित एक कंपनी से कॉपर के पुर्जे चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 45.720 किलोग्राम कॉपर बरामद किया है। आरोपी की पहचान सेक्टर-58 की कृष्णा कॉलोनी निवासी शुभम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी कंपनी संचालक ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दी थी कि 20 अक्टूबर की रात उसकी कंपनी में हेल्पर के तौर पर काम करने वाला शुभम कट्टे में रखे कॉपर के पुर्जे चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शुभम करीब छह महीने से कंपनी में हेल्पर का काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, पैसों की जरूरत के चलते उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। वह कंपनी की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुआ और वहां रखे कॉपर के पुर्जे लेकर फरार हो गया।

क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किया गया 45.720 किलोग्राम कॉपर बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।