Faridabad/Alive News: जिले के गांव डीग निवासी बॉक्सर लोकेश ने नोएडा में आयोजित 9वीं एलीट मेन एंड वूमेन नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। यह 6 दिवसीय प्रतियोगिता 4 से 10 जनवरी तक नोएडा में आयोजित की गई थी। लोकेश ने 80–85 किलोग्राम भार वर्ग में यह जीत हासिल की।
इस चैम्पियनशिप का आयोजन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) और बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में देशभर से 32 टीमों ने हिस्सा लिया। खास बात यह रही कि पहली बार पुरुष और महिला वर्ग की नेशनल बॉक्सिंग चैम्पियनशिप एक साथ आयोजित की गई, जिसमें करीब 350 महिला और 400 पुरुष मुक्केबाजों ने भाग लिया।
28 वर्षीय लोकेश ने भारतीय सेना की ओर से इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वह वर्तमान में भारतीय सेना में सेवा दे रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान लोकेश ने चार मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल से पहले उन्होंने महाराष्ट्र, ऑल इंडिया पुलिस फोर्स और हरियाणा के बॉक्सरों को हराया। फाइनल मुकाबले में लोकेश ने BFI सर्विसेज के खिलाड़ी जुगुनू को 5-0 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
लोकेश ने बताया कि उन्होंने साल 2012 में बॉक्सिंग की शुरुआत अपने पिता नाहर सिंह का सपना पूरा करने के लिए की थी। उनके पिता पेशे से वेटरनरी डॉक्टर रहे हैं। वर्ष 2015 में लोकेश भारतीय सेना में भर्ती हुए और सेना के स्पोर्ट्स कोटे से खेलते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। अब तक वह कई नेशनल लेवल की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं।
अब लोकेश की नजर अंतरराष्ट्रीय मंच पर है। उन्होंने बताया कि मार्च में मंगोलिया में होने वाली एशियन बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के लिए वह लगातार अभ्यास कर रहे हैं। यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा और उनका लक्ष्य वहां भी गोल्ड मेडल जीतकर सेना और देश का नाम रोशन करना है।

