Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने APK फाइल के जरिए मोबाइल फोन हैक कर 1.01 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में दो और आरोपियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर छह दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन (21) निवासी बाड़ीवाला, बिजनौर और दिलखुस बिश्नोई (26) निवासी जोधपुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी की रकम सबसे पहले चार अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी। इनमें गौतम के खाते में 50 हजार रुपये आए थे। जांच के अनुसार, अमन ने लक्की से गौतम का बैंक खाता लेकर आगे दिलखुस को उपलब्ध कराया। अमन और दिलखुस के बीच टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क था। दोनों 12वीं पास हैं और बेरोजगार हैं। इस मामले में खाताधारक गौतम और लक्की को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोहाली में भी साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार किया गया।
मामले की शुरुआत सेक्टर-20बी निवासी एक व्यक्ति की शिकायत से हुई। पीड़ित ने बताया कि 17 मई को उसके टेलीग्राम पर एक लिंक आया। लिंक पर क्लिक करते ही उसके मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड हो गई, जिससे फोन हैक हो गया। इसके बाद उसके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए 1,01,000 रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के आधार पर 19 जून को साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

