Faridabad/Alive News: शहर के बढ़ते शहरी क्षेत्र को विस्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। सरकार जिले के 51 गांवों की करीब 11 हजार एकड़ जमीन पर नए सेक्टर विकसित करने की योजना बना रही है। योजना पूरी होने के बाद फरीदाबाद में करीब 40 नए सेक्टर जुड़ सकते हैं। इससे लोगों के लिए नए आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्र विकसित होंगे।
सरकार ने इस योजना के लिए किसानों से जमीन देने की पेशकश मांगी है। इच्छुक किसान ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से अपनी जमीन की जानकारी देकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। किसानों से मिलने वाली पेशकश के आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
एक एकड़ जमीन के बदले मिलेंगे आवासीय और व्यावसायिक प्लॉट
योजना के तहत जमीन देने वाले किसानों को विकसित सेक्टर में प्लॉट देने का प्रावधान है। HSVP के नियमों के अनुसार, एक एकड़ जमीन देने वाले किसान को 1,000 वर्गगज का आवासीय प्लॉट और 90 वर्गगज का व्यावसायिक प्लॉट दिया जाएगा। इस तरह किसानों को अपनी जमीन के बदले विकसित क्षेत्र में हिस्सा मिलेगा।
बढ़ती आबादी के हिसाब से होगा शहर का विस्तार
फरीदाबाद में आबादी लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही लोगों के लिए घर, सड़क, पानी, सीवर और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत भी बढ़ रही है। नए सेक्टर विकसित होने से शहर के विस्तार को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सरकार का उद्देश्य मास्टर प्लान के तहत नए क्षेत्रों को विकसित करना है, ताकि अनियोजित कॉलोनियों के बजाय बेहतर सुविधाओं वाले व्यवस्थित शहरी क्षेत्र तैयार किए जा सकें।
किसानों की सहमति के बाद आगे बढ़ेगी प्रक्रिया
संपदा अधिकारी विकास ढांडा के अनुसार, मास्टर प्लान के तहत फरीदाबाद के शहरी क्षेत्र का विस्तार करने की तैयारी है। इसके लिए सबसे पहले पर्याप्त जमीन उपलब्ध होना जरूरी है। सरकार ने नोटिफिकेशन जारी कर किसानों से जमीन देने की पेशकश मांगी है। किसानों को योजना की जानकारी देकर आवेदन के लिए जागरूक भी किया जाएगा।

