July 31, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21.060 किलो गांजा बरामद; बिहार से सप्लाई करने आया तस्कर गिरफ्तार

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा बरामद 21.060 किलोग्राम गांजा और कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम।

Faridabad/Alive News: नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर को सूचना मिली थी कि बदरपुर बॉर्डर स्थित ऑटो स्टैंड के पास एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर खड़ा है और उसकी सप्लाई करने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 21.060 किलोग्राम गांजा बरामद किया।

इसके बाद थाना सराय ख्वाजा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर दिल्ली में सप्लाई करता था। उसने खुलासा किया कि इस खेप को वह करीब 1 लाख रुपये में खरीदकर बस के जरिए दिल्ली लेकर आया था, जहां इसे आगे बेचने की योजना थी।

पुलिस ने आरोपी को छह दिन के रिमांड पर लेकर मादक पदार्थ की खरीद, सप्लाई नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इससे जुड़े अन्य तस्करों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है। पुलिस का कहना है कि इन जानकारियों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।