Faridabad/Alive News: धौज थाना क्षेत्र के खोरी जमालपुर गांव में 16 वर्षीय 11वीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अल्फा उर्फ अल्फाज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह पढ़ाई को लेकर तनाव में था। करीब दो दिन तक लापता रहने के बाद उसका शव घर के पीछे बने कमरे में मिला।
जानकारी के अनुसार, अल्फाज 20 अगस्त की सुबह स्कूल ड्रेस और बैग लेकर घर से निकला था। वह गांव के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में मेडिकल साइंस की पढ़ाई कर रहा था। शाम तक घर वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन स्कूल पहुंचे तो पता चला कि वह उस दिन स्कूल गया ही नहीं था। इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया के जरिए उसकी गुमशुदगी की जानकारी साझा कर तलाश जारी रखी।
परिजनों के मुताबिक, 21 अगस्त की रात अल्फाज किसी समय घर वापस आ गया था, लेकिन इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हो सकी। 22 अगस्त की सुबह परिवार का एक सदस्य घर के पीछे बने कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर अल्फाज मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मृतक के पिता हिदायत खान ने बताया कि अल्फाज मेडिकल साइंस की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई को लेकर काफी दबाव महसूस करता था। वह कई बार पढ़ाई छोड़ने की बात भी करता था। परिवार उसे समझाने का प्रयास करता था, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा।
सूचना मिलने के बाद धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के पीछे की परिस्थितियों को समझने के लिए परिजनों और स्कूल के साथियों से भी पूछताछ की जाएगी।

