March 8, 2026

इंदौर में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, मालिक सहित 8 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के साइबर थाना सेंट्रल ने इंदौर, मध्य प्रदेश में चल रहे एक फर्जी कॉल सेंटर का खुलासा किया है। इस मामले में कॉल सेंटर के मालिक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। ये ठग करेंसी ट्रेडिंग के नाम पर लोगों से पैसे ठगते थे।

टिकवाली निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में शिकायत दी थी कि एक फरवरी को उसे एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह करेंसी में ट्रेडिंग कराता है और कुछ ट्रेड का डेटा भेजा। शिकायतकर्ता ने उनके कहने पर खाता खोला और 1,10,000 रुपये का निवेश किया। बाद में जब उसने खाता देखा, तो उसमें कोई रकम नहीं थी।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की और इंदौर में चल रहे कॉल सेंटर का पता लगाया। यहां से अरुण भौंसले (मास्टरमाइंड), आयुष सिलावट, नेमिश राठौर, पवन राठौर, विक्की राठौर, कार्तिक भौंसले, अभिषेक मीणा और विनय जोशी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में पता चला कि अरुण भौंसले ने इंदौर में एक बिल्डिंग किराये पर लेकर कॉल सेंटर शुरू किया था, जिसमें बाकी आरोपी कॉल करने का काम करते थे। विनय जोशी वेबसाइट और लिंक बनाने का काम करता था।

पुलिस ने आरोपियों से 7 मोबाइल फोन और 1 लैपटॉप बरामद किया है। सभी को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।