Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की टीम ने फेसबुक पर फर्जी निवेश योजना के जरिए 5.75 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में कार्रवाई करते हुए एक खाता ऑपरेटर को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सीकरी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि फेसबुक पर “Axis Security/Axis Securities” के नाम से शेयर ट्रेडिंग का विज्ञापन देखने के बाद उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। वहां “ब्लॉक ट्रेडिंग” के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर नकली वेबसाइट पर निवेश करवाया गया और अलग-अलग चरणों में कुल 5.75 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी एक निजी कंपनी में काम करता है और टेलीग्राम के माध्यम से साइबर ठगों के संपर्क में आया था। उसने एक बैंक खाते का संचालन कर ठगी की रकम में से 4.27 लाख रुपये ऑनलाइन अन्य ठगों के खातों में ट्रांसफर किए। इस मामले में संबंधित खाताधारक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर रही है।

