March 8, 2026

झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर वसूली, 2 महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर जबरन वसूली, छीनाझपटी और मारपीट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अनिल, निवासी बधाना (राजस्थान), ने शिकायत दी थी कि वह भिवाड़ी की एक कंपनी में काम करता है। वहीं उसका साथी गौरी शंकर भी काम करता है। कुछ दिन पहले अनिल के फोन पर एक मिस्ड कॉल आई। कॉल बैक करने पर एक महिला से उसकी बात होने लगी। महिला ने उसे 14 सितम्बर को फरीदाबाद बुलाया।

अनिल, गौरी शंकर के साथ फरीदाबाद आया, जहां महिला अपनी एक साथी के साथ मिली और दोनों उन्हें अपने घर ले गईं। वहां दो युवक पहुंचे और अनिल को कमरे में बंद कर दिया। आरोपियों ने झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर उससे 10 हजार रुपये वसूले, मारपीट की और मोबाइल छीन लिया। इस मामले में थाना सारन में केस दर्ज हुआ।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरीदाबाद निवासी महिलाएं अभिलाषा (काल्पनिक नाम), प्रतिभा (काल्पनिक नाम), दीपक और अलवर निवासी गौरी शंकर को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि गौरी शंकर ने ही अनिल का मोबाइल नंबर अभिलाषा को दिया था, जिसने इसे प्रतिभा को पहुंचाया। प्रतिभा ने मिस्ड कॉल के जरिए अनिल से बातचीत शुरू की और उसे फरीदाबाद बुलाने की साजिश रची। इसके बाद दीपक और अन्य ने अनिल के साथ मारपीट की, कपड़े फाड़ दिए और झूठे केस का डर दिखाकर पैसे वसूल लिए।

अदालत में पेशी के बाद दोनों महिलाओं और गौरी शंकर को नीमका जेल भेजा गया है, जबकि आरोपी दीपक को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।