Faridabad/Alive News: सेक्टर-32 स्थित बूस्टर पार्क में डीएलएफ इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा मुख्य अतिथि रहे और पर्यावरण संरक्षक एस.एस. बांगा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में निगमायुक्त ने कहा कि फरीदाबाद को स्वच्छ और हरित बनाने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने इंदौर और अहमदाबाद जैसे शहरों का उदाहरण देते हुए कहा कि फरीदाबाद में भी ऐसा जज्बा है। उन्होंने अरावली क्षेत्र में पौधारोपण के लिए औद्योगिक इकाइयों से आगे आने की अपील की।
एस.एस. बांगा ने ‘ट्री एम्बुलेंस’ के बारे में जानकारी दी, जो बीमार पेड़ों की देखभाल करती है। उन्होंने बताया कि यह सेवा उनकी संस्था विक्टोरा लाइव फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही है।
इस अवसर पर बरगद, पीपल और नीम जैसे पवित्र और पर्यावरण के लिए उपयोगी वृक्षों के पौधे लगाए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष राम अग्रवाल ने की। अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जे.पी. मल्होत्रा, संरक्षक टी.सी. धवन, महासचिव अभय बजाज सहित अन्य पदाधिकारियों ने किया।
अंत में राम अग्रवाल ने कहा कि एसोसिएशन पर्यावरण बचाने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भविष्य में भी ऐसे आयोजन करती रहेगी।

