May 4, 2024

प्रदेश में विधायक से लेकर मंत्री तक सभी भ्रष्टाचार में संलिप्त : डॉ. सुशील गुप्ता

Faridabad/Alive News : निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है, पूरा शहर कूड़े का ढेर बन गया है। बड़े अधिकारियों से लेकर स्थानीय विधायक और मंत्री तक निगम के भ्रष्टाचार में रंगे हुए हैं। टेंडर मंजूर होने से पहले ही 30 प्रतिशत पैसा अधिकारियों और स्थानीय विधायक की जेब में चला गया। ये बात बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने प्रेस वार्ता के दौरान कहीं। वे आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निगम के भ्रष्टाचार के चर्चे पूरे शहर में हैं। आम आदमी पार्टी प्रदेश सरकार से मांग करती है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त मंत्रियों और विधायक के नाम सामने लाएं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आने वाले निगम चुनाव भ्रष्टाचारियों की गिरफ्तारी और उन पर कठोर कार्यवाही करने के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की मांग है कि निगम का पैसा जनता की सुविधाओं के लिए खर्च हो, साफ सफाई 24 घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था और शहर के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा भी भ्रष्टाचार मुक्त हो। उन्होंने मांग की कि अगर जल्द से जल्द भ्रष्टाचारियों के नाम उजागर नहीं हुए तो आम आदमी पार्टी धरना और प्रदर्शन करेगी और निगम चुनाव में जनता ऐसी भ्रष्टाचार करने वाली पार्टियों को सबक सिखाने का काम करेगी।

इस मौके पर साउथ जोन के अध्यक्ष वीर सिंह सरपंच साउथ जोन की महिला अध्यक्ष मंजू गुप्ता, जावेद खान, शिखा गर्ग, बृजेश नागर, जिला अध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना, राकेश भडाणा, राजेंद्र शर्मा, प्रवेश मेहता, गुलशन बग्गा, चंचल पवार, सुनील ग्रोवर, विनोद भाटी, अमन गोयल, हरेंद्र भाटी, हितेश पलटा, गोविंदा, चांद खान और संतोष आदि दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।