May 4, 2024

वार्ड कमेटियों के गठन के बाद भी शहर में लगा कूड़े का ढेर

Faridabad/Alive News : शहर में जगह-जगह लगा कूड़े का ढेर आमजन के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। शहर की सफाई के लिए निगमायुक्त ने प्रत्येक वार्ड के लिए नोडल अधिकारी समेत वार्ड कमेटियों का भी गठन किया हुआ है। बावजूद इसके शहर में कूड़े की समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। ऐसे में दीपावली का त्यौहार भी नजदीक है।

नगर निगम ने कई बार शहर को स्वच्छ रखने के बड़े बड़े दावे किए है। लेकिन जगह-जगह लगा कूड़े का ढेर निगम के दावों की पोल खोल रहा है। इसके बावजूद नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारी सही तरीके से कूड़ा उठान का कार्य नहीं कर रहे हैं। आलम यह है कि एनआईटी पांच स्थित रेलवे रोड पर कूड़े के ढेर के साथ सीवर ओवरफ्लो की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इससे मार्ग पर चलना दूभर हो गया है। कूड़े की बदबू से आसपास के लोगों का वहां रहना दुभर हो गया है।

नगर निगम कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी एक निजी कंपनी को सौंपा है। मिली जानकारी के अनुसार संबंधित मामले को लेकर निजी कंपनी के पदाधिकारियों का कहना है कि 270 गाड़ियों के साथ 25 ई-रिक्शा से रोजाना घरों से कूड़ा उठान का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा 103 गाड़ियों से जगह-जगह बने डंपिंग ग्राउंड से कूड़ा उठाया जा रहा है। शहर से शत-प्रतिशत कूड़ा उठाने का कार्य हो रहा हैं। शहर को स्वच्छ रखने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। निजी कंपनी के माध्यम से कूड़ा उठाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा लोगों को कूड़ा फेंकने के लिए चिह्नित किए गए जगह पर ही कूड़ा डालने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों को स्वच्छता की जानकारी भी दी जा रही है।

जानकारी के मुताबिक शहर में दिवाली पर विशेष सफाई अभियान चलेगा। हर वार्ड में दोपहर बाद सफाई कार्य किया जाएगा। इसके लिए सफाई कर्मचारियों को निर्देश दे दिए गए है।