Faridabad/Alive News: नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपनी प्रॉपर्टी आईडी को सेल्फ सर्टिफाइड कराएं और अगर प्रॉपर्टी आईडी में NA (नाम नहीं दर्ज) लिखा है, तो तुरंत अपना नाम दर्ज करवाएं। अगर ऐसा नहीं किया गया तो जुर्माना लगाया जा सकता है।
नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर एनआईटी जॉइंट कमिश्नर द्विजा ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी में सही जानकारी दर्ज होने पर ही टैक्स से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। अगर कोई गलती या शिकायत हो तो लोग ndc.haryana.com वेबसाइट पर जाकर अपनी आपत्ति दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने उन प्रॉपर्टी मालिकों को भी चेताया है जिन्होंने वर्षों से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा किया है। उनसे कहा गया है कि वे जल्द से जल्द अपना बकाया टैक्स भरें, वरना विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
बल्लभगढ़ जॉइंट कमिश्नर करण सिंह ने बताया कि टैक्स न भरने वालों की प्रॉपर्टी सील करने का काम भी लगातार चल रहा है।
नगर निगम ने सभी नागरिकों से निवेदन किया है कि वे समय पर टैक्स जमा करें और अगर प्रॉपर्टी आईडी में कोई दिक्कत है तो किसी भी कार्य दिवस में नगर निगम कार्यालय पहुंचकर समस्या का समाधान करवाएं।

