March 8, 2026

फरीदाबाद में महिला सुरक्षा पर जोर, अपराधों में 7% की कमी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस महिला सुरक्षा को लेकर लगातार काम कर रही है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर न सिर्फ महिला अपराधों पर तेजी से कार्रवाई की जा रही है, बल्कि महिलाओं को जागरूक भी किया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस साल महिला विरुद्ध अपराधों में 7% की कमी आई है। गंभीर मामलों में भी कमी दर्ज की गई है, जिनमें पोक्सो के 41 और बलात्कार के 18 मामले कम हुए हैं।

पुलिस ने इस साल 100 के करीब मनचलों पर कार्रवाई की है। 2024 में शहर में 300 हॉटस्पॉट और 154 हॉट रूट थे, लेकिन कार्रवाई और निगरानी के बाद 2025 में ये घटकर 136 हॉटस्पॉट और 90 हॉट रूट रह गए हैं।

महिला सुरक्षा को लेकर इस साल 240 से ज्यादा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे 20 हजार से अधिक महिलाएं जुड़ीं। 7 हजार से अधिक महिलाओं को डायल 112 ऐप और ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम की जानकारी दी गई। इसके अलावा 10 हजार से अधिक महिलाओं से एरिया सर्वे फॉर्म भरवाए गए ताकि असुरक्षित स्थानों की पहचान कर वहां पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा सके।

सेफ सिटी कार्यक्रम के तहत इस साल 400 महिलाओं को रात में सुरक्षित उनके घर या गंतव्य तक पहुंचाया गया। महिला सुरक्षा के लिए रेड डॉट फाउंडेशन की मदद से सर्वे और पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है।

पुलिस ने महिलाओं से अपील की है कि वे फरीदाबाद पुलिस की वेबसाइट faridabad.haryanapolice.gov.in पर उपलब्ध महिला सुरक्षा फीडबैक फॉर्म भरकर अपनी सुरक्षा से जुड़ी राय और सुझाव दें, ताकि बेहतर कदम उठाए जा सकें।