Faridabad/Alive News: डीएचबीवीएन सर्कल सेक्टर-23 में पिछले कई दिनों से जारी बिजली कर्मचारियों के आंदोलन में बुधवार को कुछ नरमी देखने को मिली। अधीक्षण अभियंता ऑपरेशन सर्कल द्वारा एचएसईबी वर्कर यूनियन के प्रतिनिधिमंडल को कर्मचारियों की समस्याओं व मांगों के समाधान को लेकर लिखित रूप से वार्ता के लिए आमंत्रण पत्र दिए जाने के बाद विरोध प्रदर्शन को फिलहाल रोक दिया गया।
सर्कल सचिव विनोद शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बताया कि 14 नवंबर 2025, शुक्रवार से सेक्टर-23 स्ट्रीट सर्कल कार्यालय परिसर में चल रहा धरना प्रदर्शन, जो हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) के बैनर तले बड़े समूह के साथ आयोजित किया जा रहा था, उसे 19 नवंबर 2025, गुरुवार दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाली यूनियन व अधिकारियों की बैठक तक अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।
कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट कहा है कि यदि बैठक में यूनियन द्वारा प्रस्तुत 19 सूत्रीय मांग पत्र पर सकारात्मक सहमति नहीं बनती या समस्याओं का ठोस समाधान नहीं निकाला गया, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे।
नेताओं का आरोप है कि पिछले डेढ़ महीने से कर्मचारियों के कार्यों में अनदेखी और अधिकारियों द्वारा मात्र औपचारिकता निभाने का प्रयास किया गया, जिसे अब कर्मचारी बर्दाश्त करने को तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि आगामी वार्ता में भी ठीक समाधान नहीं मिलता, तो संवैधानिक अधिकारों के तहत पुनः धरना व विरोध तेज किया जाएगा।
धरना स्थल पर कर्मचारियों ने एकजुटता और संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।

