Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-61 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में बिजली के तारों की बड़ी चोरी का मामला सामने आया है। यहां सड़कों के किनारे लगे लो-टेंशन बिजली लाइन के तार अज्ञात चोर काटकर ले गए। चोरी किए गए तारों की कीमत करीब 18 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार यह सेक्टर अभी तक बिजली विभाग को सौंपा नहीं गया है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के उपमंडल अधिकारी ज्ञानचंद शर्मा ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर में सड़क किनारे बिजली की लाइन डाली गई थी, लेकिन सेक्टर हैंडओवर न होने के कारण यहां कोई चौकीदार तैनात नहीं था।
चौकीदार न होने का फायदा उठाकर चोरों ने खंभों से बिजली के तार काट लिए। जब विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो खंभे खड़े मिले, लेकिन उन पर लगे सभी तार गायब थे।
इस मामले की शिकायत आदर्श नगर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

