March 7, 2026

ऑनलाइन तबादला नीति के विरोध में बिजली कर्मचारियों का रोष प्रदर्शन, फरीदाबाद सर्कल में दो घंटे का धरना

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (संबंधित हरियाणा कर्मचारी महासंघ) के आह्वान पर बुधवार को दूसरे दिन भी फरीदाबाद सर्कल की सभी सब-डिवीजनों में बिजली कर्मचारियों ने दो घंटे का जोरदार रोष प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ऑनलाइन तबादला नीति का विरोध जताया।

यूनियन का कहना है कि यह ऑनलाइन तबादला नीति कर्मचारियों से बिना बातचीत किए लागू की गई है, जो पूरी तरह कर्मचारी विरोधी है। इसी नीति के विरोध में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सभी एसडीओ के माध्यम से अतिरिक्त मुख्य सचिव, ऊर्जा विभाग, हरियाणा सरकार के नाम ज्ञापन भी सौंपा।

रोष प्रदर्शन को संबोधित करते हुए स्टेट कमेटी के नेता एवं स्टेट चीफ ऑर्गनाइज़र विनोद शर्मा ने कहा कि निगम प्रबंधन को इस ट्रांसफर पॉलिसी की दोबारा समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के सुचारू संचालन के लिए तकनीकी दक्षता और क्षेत्र का अनुभव बेहद जरूरी होता है, जिसे मौजूदा नीति में पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। यदि यह नीति इसी रूप में लागू रही तो इससे कर्मचारियों की सुरक्षा, मनोबल और उपभोक्ताओं को मिलने वाली सेवाओं पर नकारात्मक असर पड़ेगा।

यूनियन ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि नई जगह तैनाती के बाद कर्मचारियों को लाइनों और क्षेत्र की पूरी जानकारी नहीं होने से हादसों की आशंका बढ़ जाएगी। वहीं, उपभोक्ताओं की शिकायतें निपटाने, ब्रेकडाउन ठीक करने और लाइन संबंधी कार्यों में भी अधिक समय लगेगा। इसके अलावा बिजली चोरी रोकने, बकाया वसूली और नए कनेक्शनों की जांच जैसे कामों में भी दिक्कत आएगी। बार-बार तबादलों से कर्मचारियों में विभागीय सुधार कार्यों के प्रति उदासीनता भी बढ़ेगी।

यूनियन ने मांग की कि निगम के सभी कार्यालयों में स्टाफ की कमी को जल्द पूरा किया जाए, ताकि राजस्व में सुधार हो और काम समय पर पूरा हो सके।

इस रोष प्रदर्शन में लेखराज चौधरी, सुनील चौहान, परवीन शर्मा, योगेंदर रावत, पंकज खलेरी, नसीब हिंदुस्तानी, सुरेश डूडी, दिगम्बर लाम्बा, कुलदीप डागर, देवेंदर सैनी, मामचंद, महेन्दर, सुभाष, अमरचंद, मुकेश शर्मा, सत्यवान, दीपक, नरेश, वीर सिंह, जगजीत, नरेंदर, अजय कुमार, सुमित खेड़ा, सुशील कुमार, गुलशन सहित कई कर्मचारी नेताओं ने भाग लिया।