March 7, 2026

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में फरीदाबाद सर्कल में बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के फरीदाबाद सर्कल में बुधवार को सभी डिवीजनों के एक्सईएन कार्यालयों के सामने बिजली कर्मचारियों ने दो घंटे तक जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी) के बैनर तले किया गया। कर्मचारी प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन द्वारा टेक्निकल कर्मचारियों पर जबरन लागू की जा रही ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी का विरोध कर रहे हैं।

कर्मचारी अपने-अपने जोन में एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन में शामिल हुए और सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश जताया। सेक्टर-23 स्थित एनआईटी फरीदाबाद डिवीजन के एक्सईएन कार्यालय के सामने प्रधान लेखराज चौधरी और सचिव मुकेश शर्मा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। वहीं सेक्टर-68 स्थित ग्रेटर फरीदाबाद डिवीजन में प्रधान सुनील चौहान और सचिव रवि दत्त शर्मा की देखरेख में विरोध प्रदर्शन हुआ। बल्लभगढ़ सेक्टर-6 स्थित डिवीजन में प्रधान मदन गोपाल और सचिव सुरेन्द्र कौशिक के नेतृत्व में कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की।

कर्मचारी नेताओं ने बताया कि यूनियन के राज्य कमेटी के आह्वान पर पूरे हरियाणा में चरणबद्ध तरीके से इस पॉलिसी का विरोध किया जा रहा है। पहले चरण में सभी सब-डिवीजनों में तीन दिन तक दो-दो घंटे प्रदर्शन किया गया। अब दूसरे चरण में सभी डिवीजनों के एक्सईएन कार्यालयों के सामने लगातार तीन दिन तक दो-दो घंटे प्रदर्शन होंगे। आगामी 23 दिसंबर 2025 को प्रदेश के सभी सर्कल कार्यालयों के सामने भी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन में राजेश शर्मा, मामचंद, सुभाष पहल, अमरचंद, राजेश कुमार, दयाराम, नरेंद्र, सुमेर सिंह, महेंद्र, सुशील, गुलशन, नसीब हिंदुस्तानी, सुरेश डूडी, प्रीतम, प्रेम सिंह, बीर सिंह, योगेंद्र रावत, पंकज खलेरी, कुलदीप डागर, देवेंद्र सैनी सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी और नेता मौजूद रहे। कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी वापस नहीं ली जाती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।