March 8, 2026

ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के खिलाफ फरीदाबाद में बिजली कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्स यूनियन (हेड ऑफिस भिवानी-292) की केंद्रीय परिषद के आव्हान पर गुरुवार को फरीदाबाद सर्कल की सभी 24 सबडिवीज़न में बिजली कर्मचारियों ने दो-दो घंटे का प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन तकनीकी कर्मचारियों पर जबरन लागू की जा रही ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में किया गया।

सर्कल सचिव विनोद शर्मा के नेतृत्व में चारों डिवीज़नों में यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया।

एनआईटी फरीदाबाद ज़ोन में प्रधान लेखराज चौधरी व सचिव मुकेश शर्मा की अगुवाई में जवाहर कॉलोनी, सबडिवीजन नंबर 1, 2, 3 और 5 में कर्मचारी एकजुट होकर गरजे। ओल्ड फरीदाबाद ज़ोन में प्रधान मुकेश शर्मा और सचिव सत्यवान लोहचब के नेतृत्व में ईस्ट, वेस्ट, मथुरा रोड और नंबर 4 सबडिवीज़न में प्रदर्शन हुआ।

ग्रेटर फरीदाबाद ज़ोन में प्रधान सुनील चौहान और सचिव रविदत्त शर्मा ने तिलपत, इस्माइलपुर, बदरौला, छांयसा, खेड़ी कलां, मवई आदि जगहों पर विरोध का नेतृत्व किया।

बल्लभगढ़ ज़ोन में प्रधान मदनगोपाल शर्मा और सचिव सुरेंद्र कौशिक की अगुवाई में सिटी-1, सिटी-2, सिटी-3, सेक्टर 55, इंडस्ट्रियल एरिया-58, पाली व ईदगाह सबडिवीज़न में प्रदर्शन किया गया।

कर्मचारी नेताओं का कहना है कि यह ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी तकनीकी कर्मचारियों के हित में नहीं है। उनका आरोप है कि इस पॉलिसी के कारण फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों की जान को खतरा और बढ़ जाएगा, क्योंकि बार-बार होने वाले स्थानांतरण से बिजली संबंधी हादसों का जोखिम ज्यादा बढ़ सकता है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह पॉलिसी वापस नहीं ली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।