May 4, 2024

वैक्सीन लगवाने के आधे घंटे बाद वृद्ध की हुई मौत, अन्य लोगों ने वैक्सीन लगवाने से किया इंकार

Lucknow/Alive News : उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के महराजगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना वैक्सीन लगवाने के आधे घंटे बाद ही वृद्ध की मौत हो गई। जिसके बाद वैक्सीन लगवाने के लिए लाइन में लगे लोग डरकर भाग गए। इस घटना से वहां हड़कंप मच गया। वैक्सीन लगवाने के लिए कतार में खड़े लोग लाइन छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।

मिली जानकारी के मुताबिक महराजगंज क्षेत्र के मितांवा गांव निवासी जगन्नाथ पाल (65) साइकिल से कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज आए थे। जबकि उनकी पत्नी विमला देवी बाइक से वैक्सीन लगवाने आई थीं। वैक्सीन लगाने के बाद डॉक्टर ने उन्हें आधे घंटे तक अस्पताल में ही रहने की सलाह दी। दंपती अस्पताल परिसर में हनुमान मंदिर के पास पेड़ की छांव में बैठे थे। करीब आधे घंटे बाद उन्हें चक्कर महसूस हुआ। इसकी शिकायत चिकित्सक से की गई। जब तक डॉक्टर उनके पास पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। 

मृतक की पत्नी विमला देवी के अनुसार टीका लगवाने के लिए सुबह से ही कतार में खड़े थे। घंटों इंतजार के बाद उन्हें टीका लगाया गया। टीका लगवाने के आधे घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई उमानाथ ने बताया कि जगन्नाथ को किसी प्रकार की कोई बीमारी नहीं थी। वह पूरी तरह स्वस्थ थे। खुद ही साइकिल चलाकर वैक्सीन लगवाने आए थे। मौत के बाद स्वास्थ्य टीम द्वारा स्थानीय थाने पर सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाही के आदेश दे दिए है।