April 27, 2024

बारिश के बाद मकान की छत गिरने से आठ वर्षीय बच्ची की हुई मौत, चार घायल

Chandigarh/Alive News : पंचकूला के सेक्टर-17 स्थित राजीव कॉलोनी में बारिश के बाद मकान की कच्ची छत गिर गई। इसमें पांच लोग दब गए। छत गिरने से आठ वर्षीय बच्ची आशिमा की मौके पर मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है। 

जानकारी के मुताबिक सोमवार रात नौ बजे राजीव कॉलोनी स्थित मकान नंबर 384 में सभी पांच लोग टीवी देख रहे थे। बारिश अधिक होने के कारण घर की छत गिर गई। इस दौरान छत के नीचे बैठे सलीम के बेटे समीर (8), बेटी आशिमा (8), रमजान (6) पड़ोसी दीपक (7) और उनके चाचा नसीम (40)  दब गए।

मकान मालिक सलीम इस दौरान घर के बाहर खड़े थे। उन्होंने शोर मचाया। शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे। लोगों की मदद से आशिमा, समीर, दीपक, रमजान और नसीम को मलबे से बाहर निकाला गया। इस दौरान सभी को सेक्टर-6 सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां आठ वर्षीय आशिमा को डॉक्टरों की टीम ने मृत घोषित कर दिया। वहीं चारों का इलाज चल रहा है। 

पंचकूला इमरजेंसी इंचार्ज डॉक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि सभी का इलाज किया जा रहा है। वहीं मौके पर वार्ड नंबर-7 की पार्षद उषा रानी भी पहुंचीं। उन्होंने सभी का हालचाल जाना। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने भी लोगों के साथ सहानुभूति जताई।