May 18, 2024

पानी से भरे टब में डूबा आठ माह का मासूम, हुई मौत

Faridabad/Alive News : मंगलवार शाम पर्वतीय कॉलोनी में आठ माह के मासूम की पानी से भरे टब में डूबने से मौत हो गयी। हादसे के समय बच्चे की मां कपडे़ धोकर छत पर सुखा रही थी। बच्चा मां के पास पानी में ही खेल रहा था। मां के छत पर जाने के बाद मासूम पानी के टब में गिर गया। पानी में गिरने के दौरान बच्चे की आवाज भी महिला को नहीं सुनाई दी और इसी बीच बच्चे ने दम तोड़ दिया।

मृतक नैतिक के पिता पुष्पेंद्र ने बताया कि मंगलवार को वह काम पर गया था। उनकी पत्नी घर में कपड़े धो रही थीं। कपड़े धुलने के बाद वो उसे सुखाने के लिए छत पर चली गई। इसी दौरान उनका आठ माह का बेटा टब में गिर गया। कपड़े डालने केबाद जब वह वापस लौटी तो बच्चा पानी के टब में था। परिवार व आसपास के लोग बच्चे को लेकर बीके अस्पताल पहुंचे, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। थाना सारन प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करके शव परिजनों को सौंप दिया गया है।