May 20, 2024

नगर निगम चौक पर विरोध प्रदर्शन कर किया पुतला दहन

Faridabad/Alive News: सेंटर आफ इंडियन ट्रेड यूनियन सीटू जिला कमेटी फरीदाबाद ने राज्य कमेटी के आह्वान पर देश के कुश्ती फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण का पुतला दहन किया। सीटू के जिला सचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि दुनियां के मानचित्र पर देश का नाम रोशन करने वाले गोल्ड मेडल विजेता महिला खिलाड़ी रेसलिंग फेडरेशन के खिलाफ दिल्ली में जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। महिला खिलाड़ियों ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बृजभूषण शरण पर उनका यौन शोषण करने का आरोप लगाया है।

महिला खिलाड़ियों का उत्पीड़न सहन नहीं किया जा सकता। इसलिए आज वीरवार को फरीदाबाद के नगर निगम चौक पर विरोध कार्रवाई हुई है। इस विरोध कार्रवाई की अध्यक्षता सीटू के जिला प्रधान निरन्तर पराशर ने की। इस मौके पर ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान देवीराम जिला सचिव दिनेश पाली, जे सी बोस के कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने बताया कि कुश्ती खिलाड़ियों के साथ अध्यक्ष के द्वारा दुर्व्यवहार भी किया जाता है। उन्हें गाली गलौज और थप्पड़ भी मार दिए जाते हैं। खिलाड़ियों को अध्यक्ष के द्वारा अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सीटू महिला खिलाड़ियों के साथ हो रहे भेदभाव को किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेगी। उन्होंने फेडरेशन के अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की।

महिलाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने वाले फेडरेशन के अध्यक्ष को सरकार को तत्काल पद मुक्त करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी तरह का व्यवहार हरियाणा में खेल मंत्री संदीप सिंह के द्वारा जूनियर कोच के साथ भी किया गया था। इसकी घोर निंदा करते हुए संदीप सिंह मंत्री को तत्काल मंत्री पद से हटाने की मांग की गई थी। उसका पुतला भी 6 जनवरी को बड़खल मोड़ पर फूंका गया। लेकिन अभी तक मंत्री को सरकार ने नहीं हटाया। सरकार के ढुलमुल रवैया के विरोध में मंत्री की बर्खास्तगी को लेकर 22 जनवरी को चंडीगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आज के प्रदर्शन को संतोष गंगवार, राजू प्रधान तिगांव ब्लाक, दीपक, राम सागर, ओमपाल ने भी संबोधित किया।