Delhi/Alive News: अफगानिस्तान और सूडान में कुदरत ने भयानक तबाही मचाई है। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के पास रविवार रात आए 6.0 तीव्रता के भूकंप में कम से कम 1,100 लोगों की मौत हो गई और 3,500 से ज्यादा लोग घायल हुए। भूकंप से पहाड़ी इलाकों में कई घर ढह गए, सड़कें टूट गईं और कई गांव संपर्क से कट गए।
वहीं, सूडान के दारफुर क्षेत्र के मार्रा माउंटेंस इलाके में 31 अगस्त को भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुआ। मिट्टी खिसकने से एक पूरा गांव मिट्टी में दब गया। इस हादसे में 1 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई और सिर्फ एक व्यक्ति जीवित बचा। यह इलाका पहले से ही गृहयुद्ध से प्रभावित है, जिससे हालात और भी बिगड़ गए हैं।
दोनों हादसों में मिलाकर अब तक 2,100 से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि हजारों लोग घायल और बेघर हो गए हैं। इन आपदाओं ने पहले से संकट झेल रहे इलाकों में मानवीय स्थिति को और गंभीर बना दिया है।

