March 7, 2026

दिशा बैठक में केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भाजपा जिला अध्यक्ष को लगाई फटकार, वीडियो वायरल

Faridabad/Alive News: पलवल के लघु सचिवालय में सोमवार को हुई दिशा (DISHA) की बैठक के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर और भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। इस दौरान मंत्री ने जिला अध्यक्ष को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा, “मीटिंग मैं ले रहा हूं, आप नहीं, इसलिए आप चुप बैठिए।” इसके बाद जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला हाथ से अपना चेहरा ढकते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दरअसल, बैठक के दौरान नगर परिषद पलवल में हो रहे कथित घोटालों और बार-बार शॉर्ट टर्म टेंडर लगाए जाने को लेकर मंत्री कृष्णपाल गुर्जर की नगर परिषद की डीएमसी और अन्य अधिकारियों से बहस हो रही थी। मंत्री ने डीएमसी से सवाल किया कि शॉर्ट टर्म टेंडर में कितने कर्मचारी तैनात हैं, इसकी पूरी जानकारी दी जाए।

इसी बीच भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला ने अधिकारियों का पक्ष लेते हुए कहा कि जानकारी निकलवा ली जाएगी। इस पर मंत्री और अधिक नाराज हो गए और उन्होंने जिला अध्यक्ष को बोलने से रोकते हुए सख्त लहजे में फटकार लगाई।

क्या है शॉर्ट टर्म टेंडर?
शॉर्ट टर्म टेंडर आमतौर पर तीन महीने की अवधि के लिए लगाया जाता है। आरोप है कि पलवल नगर परिषद में पूरे साल का टेंडर लगाने के बजाय बार-बार शॉर्ट टर्म टेंडर किए जा रहे थे। बताया गया कि करीब दस करोड़ रुपये का सफाई का ठेका दिया गया था। नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल के अनुसार टेंडर में 121 कर्मचारियों को दिखाया गया, जबकि मौके पर केवल 91 कर्मचारी ही मिले, वह भी सिर्फ रजिस्टर में दर्ज पाए गए। इसी बात को लेकर मंत्री नाराज थे।

अधिकारियों को भी लगाई फटकार
मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि जनता के पैसे की लूट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शॉर्ट टर्म टेंडर के जरिए कमीशनखोरी का खेल चल रहा है और ठेकेदारों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने जिला डीएमसी से अवैध रूप से निकाली गई राशि का ब्यौरा मांगा, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

विजिलेंस जांच के आदेश
मंत्री ने नगर परिषद में किए गए और चल रहे कार्यों की विजिलेंस जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी की जांच कराई जाएगी। मंत्री ने यह भी कहा कि पलवल हरियाणा का ऐसा जिला है, जहां सफाई का टेंडर उसकी वास्तविक राशि से भी ऊपर चला जाता है, ताकि पूरे साल शॉर्ट टर्म टेंडर चलते रहें।

बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि उनकी सरकार में भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं, इसी कारण विजिलेंस जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में
भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम के करीबी माने जाते हैं। बैंसला को करीब 9 महीने पहले ही पलवल भाजपा का जिला अध्यक्ष बनाया गया था। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री
कृष्णपाल गुर्जर और खेल मंत्री गौरव गौतम के बीच लंबे समय से राजनीतिक खटास चल रही है और दोनों कई बार मंचों से एक-दूसरे पर बिना नाम लिए कटाक्ष करते नजर आ चुके हैं।