Gungun Sharma/Alive News
Faridabad: नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर लोगों की परेशानी का कारण बन गई है। रोशन नगर वार्ड नंबर 26 और विनय नगर को जोड़ने वाले मुख्य सड़क पर नाली तो बना दी लेकिन शायद नगर निगम पानी की निकासी व्यवस्था करना भूल गया। पानी निकासी की कोई व्यवस्था न होने के बावजूद भी लोग अपने घरों का पानी नालियों में चला रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह जलभराव होने से राहगीर और दो पहिया वाहन चालकों को फिसलन और बदबू का सामना करना पड़ रहा है।

रोशन नगर निवासी सौरभ शर्मा ने बताया कि नगर निगम ने कुछ समय पहले छह गलियों में नालियों के निर्माण का टेंडर पास किया था। नालियां तो बन गईं, परंतु पानी निकासी व्यवस्था आज तक नहीं की गई। पहले जब नाली नहीं थी, तब लोग अपने घरों का पानी आसपास के खाली प्लॉटों में चलते थे, लेकिन अब नालियां बनने के बाद लोग यह सोचकर घरों का पानी उनमें चला रहे हैं कि यह पानी निकासी का माध्यम है, जबकि हकीकत में अभी तक नाली से पानी का कोई निकास नहीं है। परिणामस्वरूप यह पानी रोशन नगर और विनय नगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर भरकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कुछ लोगों को नाली में पानी चलाने से रोका तो लोगों ने उल्टा जवाब देते हुए कहा कि नाली तो पानी निकासी के लिए ही बनाई गई है। अभी भी लोगो के घरों का पानी नाली में जारी है जो मुख्य सड़क पर आ रहा है।

स्थानीय निवासी प्रेम देवी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनकी गली के सामने इतना पानी भर गया है कि लोगों को गंदे पानी में होकर आना-जाना पड़ रहा है। अब तो पैदल चलने के लिए भी कोई सूखी जगह नहीं बची। कई लोग हरिद्वार जाकर गंगा जी के दर्शन करते हैं, लेकिन उन्हें तो अपनी गली के सामने ही रोज गंगा दर्शन होते है।

राहगीर सिमरन का कहना है कि वह रोज इसी मार्ग से गुजरती हैं । इस सड़क पर इतना गंदा पानी भरा है कि दो पहिया वाहन जाना तो दूर की बात रही पैदल चलाना तक मुश्किल हो गया है। बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह रास्ता खतरनाक हो गया है, साथ ही लंबे समय से जलभराव रहने के कारण डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।

क्या कहते हैं पार्षद का
अभी नाली और सड़क का काम शुरू कराया गया है। मुख्य नाले का काम अलग से किया जाएगा। जब कोई काम शुरू होता है तो शुरुआत में सारी व्यवस्थाएं एक साथ नहीं हो पातीं। धीरे-धीरे रोशन नगर के सभी कार्य पूरे किए जाएंगे। अगर किसी को नाली के पानी से परेशानी है तो वह सीधे मुझसे मिल सकता है, मैं खुद उसकी समस्या का समाधान कराऊंगा।
- लाल मिश्रा, पार्षद रोशन नगर वार्ड 26

