Faridabad/Alive News: हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पलवल में एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 184 ग्राम हेरोइन, 6.10 ग्राम एमडीएमए और 3.32 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। जब्त किए गए नशे की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया और डीएसपी पंकज कुमार के नेतृत्व में फरीदाबाद यूनिट इंचार्ज इंस्पेक्टर मनोज सांगवान की टीम ने की। टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि पलवल की न्यू कॉलोनी में एक युवक नशा बेच रहा है। मौके पर घेराबंदी कर आरोपी पारस, निवासी कैम्प पलवल, को पकड़ लिया गया।
बरामद की गई रकम से साफ है कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में शामिल था। पुलिस का मानना है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि सप्लायर और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
एनसीबी ने लोगों से अपील की है कि नशा बेचने वालों की जानकारी तुरंत टोल फ्री नंबर 1933, मोबाइल 90508-91508 या ऑनलाइन पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN पर दें।

