April 30, 2024

डॉ सतीश फौगाट बने जेजेपी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष

Faridabad/Alive News: जननायक जनता पार्टी ने संगठन को विस्तार देते हुए डॉ सतीश कुमार फौगाट को बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ का फरीदाबाद का जिलाध्यक्ष बनाया है। यह घोषणा प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रणधीर चीका ने की। डॉ फौगाट ने अपनी नियुक्ति पर जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह, प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष प्रो. रणधीर चीका व जिलाध्यक्ष अरविंद भारद्वाज का धन्यवाद जताते हुए पार्टी की नीतियों को जन जन पहुंचाने का भाव दोहराया है।

गौरतलब है कि आज जेजेपी बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ में प्रदेश के सभी 22 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की गई जिसमें फरीदाबाद से डॉ सतीश फौगाट को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। डॉ फौगाट बल्लभगढ़ क्षेत्र में फौगाट पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल का संचालन करते हैं। जो हाल ही में सीबीएसई से संबंद्ध हुआ है। उनकी संस्था फौगाट एजुकेशनल सोसाइटी करीब 300 बेटियों को निशुल्क शिक्षा देने का काम कर रही है। जो बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संदेश को मजबूत आधार देने का काम कर रही है।

हाल ही में बतौर सेक्टर 56, 56ए आरडब्ल्यूए प्रधान उन्होंने पुलिसकर्मियों के लिए नई चौकी का निर्माण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया था। जेजेपी संगठन ने उनकी इन गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें प्रमुख भूिमका सौंपी है। डॉ सतीश कुमार फौगाट ने बताया कि पार्टी ने उन्हें बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी है। वह अपने क्षेत्र के बुद्धिजीवियों को पार्टी संगठन के साथ जोडऩे का काम करेंगे जिससे कि पार्टी की नीतियों को जन जन तक पहुंचाया जा सके। इसके साथ ही हम हमारी सरकार की कार्यप्रणाली से भी जनता को लाभ पहुंचाने के लिए दिन रात एक करेंगे। उन्होंने बताया कि जेजेपी संगठन को विस्तार देने का काम करेंगे क्योंकि कलियुग में संगठन ही शक्ति है।