April 25, 2024

दहेज़ की मांग पूरी नहीं हुई तो विवाहिता को करने लगे प्रताड़ित, 17 पर मामला दर्ज

Palwal/Alive News: शादी में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर अलग-अलग जगह से तीन विवाहिताओं को प्रताड़ित कर जान से मारने की धमकी देकर घर से निकालने के मामले प्रकाश में आए हैं। वहीं एक पीड़िता ने अपने ससुर पर छेडछाड़ करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िताओं की शिकायतों पर 17 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार एक पीड़िता ने गदपुरी थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी गत 16 फरवरी वर्ष 2021 को थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने यथा संभव दान-दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल पक्ष के लोग उस दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और शादी के बाद से ही पति, ससुर, सास, सास, जेठ व जेठानी अधिक दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करने लगे।

पीड़िता का आरोप है कि एक दिन ससुर उसके कमरे में आ गया और छेडछाड़ करने लगा। पीडि़ता ने जब इस बारे में अपने पति व परिवार के सदस्यों को बताया तो सभी ने जान से मारने की धमकी दी। इसी प्रकार पलवल की न्यू कालोनी निवासी गीता ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि दहेज के लिए ही ]प्रताड़ित कर व जान से मारने की धमकी देकर उसे होड़ल की श्याम कालोनी निवासी ससुराल पक्ष से पति हेमंत, ससुर जिले सिंह व सास कमलेश ने घर से निकाल दिया।

इसी प्रकार गांव सोफ्ता निवासी मुस्कान ने गदपुरी थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि दहेज के लिए प्रताडि़त कर व जान से मारने की धमकी देकर पति कासीम, ससुर हजी नासिर, सास आमना, बुसरा, ननंद यसमीन, सलीम, आलीम, कुमर व जेठ नफीस ने घर से निकाल दिया। पुलिस ने पीडि़ताओं की शिकायतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।