Faridabad/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की टीम की ओर से सभी जिलों के अधिकारियों के साथ डाउट क्लियरिंग सेशन आयोजित किया गया। इस सत्र में समाधान पोर्टल में हाल ही में किए गए परिवर्तनों से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल तथा जनसंवाद पोर्टल पर प्राप्त जन शिकायतों की प्रगति की समीक्षा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के पश्चात नगराधीश (सीटीएम) अंकित कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर समाधान शिविर, सीएम विंडो, एसएमजीटी पोर्टल और जनसंवाद पोर्टल से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि एटीआर (एक्शन टेकन रिपोर्ट) संबंधित एसडीएम के हस्ताक्षर सहित अपलोड की जाए। पुलिस और नगर निगम को छोड़कर अन्य सभी विभागों को एसडीएम स्तर से सत्यापन कराना अनिवार्य होगा।
सीटीएम अंकित कुमार ने स्पष्ट किया कि अगली समीक्षा से पहले सभी विभाग अपनी अद्यतन कार्रवाई रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता पूरी कर या हस्ताक्षर कर शिकायत बंद करना स्वीकार्य नहीं होगा। यदि शिकायत का समाधान गुणवत्तापूर्ण नहीं पाया गया तो संबंधित मामला दोबारा खोला जाएगा और विभागीय जवाबदेही तय की जाएगी।
सीटीएम अंकित कुमार ने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार और वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला स्तर पर लघु सचिवालय तथा उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाएं।
समीक्षा बैठक में फरीदाबाद के एसडीएम अमित कुमार, बल्लभगढ़ के एसडीएम मयंक भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

