June 26, 2026

विकास कार्यों की प्रगति पर डीसी ने की समीक्षा बैठक

Faridabad/Alive News: जिले में विकास कार्यों को गति देने और उनकी वास्तविक स्थिति को पारदर्शी तरीके से जनता व सरकार के समक्ष प्रस्तुत करने के उद्देश्य से उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने शुक्रवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में वन विभाग, नगर निगम, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, यूएलबी, आरटीओ तथा खेल विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों ने अपने-अपने विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। शिक्षा विभाग ने सराय ख्वाजा, डबुआ, सारण, ओल्ड फरीदाबाद, पिपली खेड़ा और एनआईटी क्षेत्र में निर्माणाधीन तथा प्रस्तावित स्कूलों की स्थिति से अवगत कराया। इसके अलावा सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और डबुआ गांव क्षेत्र में स्कूल भवन से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने पल्ला सेहतपुर और खेड़ी गुजरान सब-हेल्थ स्टेशन के अपग्रेडेशन से संबंधित जानकारी साझा की। फायर एंड इमरजेंसी विभाग की समीक्षा के दौरान एनआईटी क्षेत्र में प्रस्तावित नए फायर स्टेशन की प्रगति और ट्रांसपोर्ट नगर में चल रहे कार्यों की स्थिति पर चर्चा हुई। वहीं वाईएमसीए साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी के नए परिसर के विकास कार्य की भी समीक्षा की गई।

नगर निगम ने भाखड़ा पाली सड़क, वार्ड नंबर-10 में आरसीसी नाला, गांव गौछी में वेलकम गेट तथा गांव गोठरा सड़क के निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी। वहीं वन विभाग ने गांव पाली में निर्माणाधीन पौंड और चेक डैम की प्रगति से उपायुक्त को अवगत कराया।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाएं सीधे तौर पर जनता की अपेक्षाओं और क्षेत्र के विकास से जुड़ी होती हैं, इसलिए इन घोषणाओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समीक्षा बैठक में डीडीपीओ प्रामिन्दर, वन विभाग अधिकारी झलकार उयाके, आरटीओ सचिव मुनीश सहगल, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।